फर्जी IPS बनकर की सगाई, उल्टा सैल्यूट किया तो पकड़ा गया: कोटपुतली बहरोड़ की खबर।
ऑनलाइन खरीदी वर्दी, पुलिस जवानों का सम्मान कर दिया; फर्जी बैज भी पुलिस ने किये बरामद......
फर्जी IPS सुनील निकला कोटपुतली बहरोड़ के बानसूर के हमीरपुर का निवासी है ।
गांव और समाज में रौब दिखाने के लिए एक 24 साल का युवक फर्जी आईपीएस बन गया। गांव से लेकर समाज और पुलिस अधिकारियों के बीच खूब मान-सम्मान भी करवाया। इस बीच उसकी सगाई भी हो गई।
लेकिन, जब वह साले और समाज के पदाधिकारियों के साथ उदयपुर घूमने आया तो सर्किट हाउस के मैनेजर को शक हुआ और उसने पुलिस को बुलाया। यहां जैसे ही उसने उल्टे हाथ से सैल्यूट किया तो वह पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की और उसके फेसबुक पेज को खंगाला तो वे खुद दंग रह गए।
मामला बुधवार को उदयपुर शहर के हाथीपाेल थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने कोटपूतली के रहने वाले फर्जी आईपीएस सुनील सांखला के साथ इंद्राज सैनी, अमित चौहान और सत्यनारायण कनोलिया को गिरफ्तार किया।
आरोपी डेढ़ साल से गांव और समाज के लोगों को बेवकूफ बना रहा था। यहां तक की वह कई यू-ट्यूब चैनल को फर्जी इंटरव्यू भी दे चुका था।
पुलिस ने जब फर्जी आईपीएस की जांच की तो तरह के बैज और स्टार भी बरामद हुए। पुलिस अब जांच कर रही है कि इनका कहीं गलत यूज तो नहीं लिया।
ऐसे खुला फर्जी आईपीएस का राज, सर्किट हाऊस के मैनेजर को लगा था संदिग्ध
सर्किट हाउस मैनेजर नरेश वर्मा ने बताया कि सुनील अपने साथी के साथ 24 जनवरी को सर्किट हाउस में आया था। उसकी बॉडी लैंग्वेज और बात करने के तरीके से लग गया था कि वह आईपीएस नहीं है। वह अपने तीन साथियों के साथ ऑटो में बैठकर सर्किट हाउस पहुंचा था। जब वह बात कर रहा था तो बार-बार जी-जी कहते हुए सिर झुका रहा था। कपड़े भी काफी सामान्य पहने हुए थे। इससे 99 प्रतिशत शक हो गया था कि यह फर्जी है।
हाथीपोल थाना अधिकारी लीलाराम ने बताया कि मैनेजर के फोन आने के बाद हम वहां पहुंचे। मैनेजर से बातचीत की तो हमें भी शक होने लगा। ऐसे में असलियत जानने के लिए जैसे ही मैंने सुनील को सैल्यूट किया तो जवाब में उसने उल्टे हाथ से सैल्यूट किया। कंफर्म हो गया था कि ये फर्जी है। जब उसे थाने लाए तो पूरी पोल खुलकर सामने आ गई।


No comments:
Post a Comment